मौनी अमावस्या पर सुदृढ़ हो सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन:सीएम योगी

लखनऊ: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौनी अमावस्या पर महाकुंभ के प्रमुख अमृत स्नान पर्व को लेकर विशेष प्रबंध का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस, मौनी अमावस्या व वसंत पंचमी पर महाकुंभ मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन व संचार तंत्र को और उत्कृष्ट बनाया जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए इन विशेष दिवसों पर पांटून पुल पर आवागमन वनवे रखा जाए। दोनों स्नान पर्वों पर पूरे मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाए। श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान होना चाहिए। योगी ने 22 जनवरी को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक की तैयारियों को भी समय से पूरा करने का निर्देश दिया।मौनी अमावस्या के साथ ही वसंत पंचमी पर प्रयास होना चाहिए कि जो लोग जिस तरफ से आ रहे हैं, वहीं के निकट घाट पर स्नान कर लें। स्नानार्थियों को कम से कम पैदल चलना पड़े ऐसे प्रबंध हों। ट्रेनों के आवागमन, प्लेटफार्म संख्या आदि के बारे में लगातार उद्घोषणा की जाती रहे।किसी भी श्रद्धालु को किसी भी तरह की समस्या का सामना ना करना पड़े|