मेला श्री राम नगरिया में वैष्णव अखाड़े के तीन संतों को महंती प्रदान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)गंगा तट पर आयोजित मेला श्री राम नगरिया में वैष्णव संप्रदाय के अखाड़े में बुधवार को एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम के दौरान तीन संतों को महंती की पदवी प्रदान की गई। लगभग सात वर्षों तक ब्रह्मचारी जीवन का पालन करते हुए निरंतर साधना, आराधना एवं अखाड़े के नियमों का पालन करने के उपरांत संतों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
अखिल भारतीय श्री पंच तेरा भाई त्यागी वैष्णव संप्रदाय अखाड़े में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां सुबह से ही चल रही थीं। इस अवसर पर करीब एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम अखाड़ा अध्यक्ष महंत मोहनदास महाराज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संत सूरज दास, संत भोला दास एवं संत उपेंद्र दास को तिलक कर, माला पहनाकर महंत की पदवी प्रदान की गई। इस दौरान अखाड़े से जुड़े अनेक वरिष्ठ साधु-संत भी उपस्थित रहे। लगभग एक घंटे तक पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान चला, जिसके पश्चात तीनों संतों को औपचारिक रूप से महंती सौंपी गई।
अखाड़ा अध्यक्ष महंत मोहनदास महाराज ने बताया कि जो भी साधु-संत पांच से सात वर्षों तक निस्वार्थ भाव से प्रभु की आराधना करता है, ब्रह्मचर्य का पालन करता है और अखाड़े के सभी नियमों का अनुसरण करता है, उसे समिति द्वारा महंत की पदवी देने पर विचार किया जाता है। उन्होंने नव नियुक्त महंतों को संदेश दिया कि वे जनसामान्य की सेवा, गुरु परंपरा का सम्मान, धर्म का संरक्षण व प्रचार करें तथा प्राप्त होने वाले धन को भी समाज सेवा में समर्पित करें। कार्यक्रम के दौरान मेला परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।