फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संस्कार भारती फर्रुखाबाद एवं तारा रानी फाउंडेशन नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी नाटक “संघ गंगा के तीन भगीरथ” का मंचन आगामी 26 जनवरी 2026, सोमवार को सायं 6 बजे से माघ मेला गंगा तट पांचाल घाट स्थित मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पंडाल में किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संयोजक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि इस नाटक का मंचन तारा रानी फाउंडेशन नागपुर के 45 कलाकारों द्वारा किया जाएगा। नाटक के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा, उसकी स्थापना, उद्देश्य एवं सामाजिक कार्यों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस नाटक का निर्देशन संजय पेंडसे ने किया है, जबकि नाटक का लेखन श्रीधर गाडगे द्वारा किया गया है। संस्कार भारती नाट्य मंचन के माध्यम से संघ की विचारधारा, उसके उद्देश्यों और सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस आयोजन का संचालन कर रही है। आयोजकों के अनुसार “संघ गंगा के तीन भगीरथ” नाटक का मंचन देशभर में 100 स्थानों पर किया जा रहा है, जिसमें फर्रुखाबाद भी शामिल है। वीरेन्द्र सिंह राठौर, प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय, अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह, सचिव गौरव मिश्रा ‘बंटी’, डॉ. संदीप चतुर्वेदी, अरविन्द दीक्षित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


