मेला श्रीरामनगरिया की तैयारियों को 15 दिसंबर तक पूर्ण करनें के निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आगामी मेला श्रीरामनगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में मेला समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह मेला 03 जनवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों- सांस्कृतिक समिति, निविदा आमंत्रण समिति, दुकान-भू आवंटन समिति, आय-व्यय समिति, अस्थायी शौचालय समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, सफाई समिति, यातायात/परिवहन समिति, विकास प्रदर्शनी समिति, खाद्य सामिग्री एवं रसोई गैस समिति, समतलीकरण समिति, कानून व्यवस्था समिति तथा मीडिया सेल समिति — का गठन किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में इंसुलेटेड बिजली के केबिल, खोया-पाया केंद्र, उच्च गुणवत्ता की साउंड व्यवस्था और बेहतर कैम्प कार्यालय बनाए जाएं। पैंटून पुल के दोनों किनारों पर बैरीकेटिंग व ‘पानी गहरा है’ के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। मेला क्षेत्र में कार्यरत वालेंटियरों को ड्रेस उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने निर्देशित किया कि रोटेशन के अनुसार मजिस्ट्रेट की तैनाती, मोबाइल टॉयलेट्स की सफाई व्यवस्था, और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त संख्या में स्थापना सुनिश्चित की जाए। मेले के उपरांत सफाई की शर्त को टेंडर में शामिल किया जाए और मीडिया कैम्प का डेकोरम बनाए रखा जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीनों विधाओं के चिकित्सा कैम्प लगाने, एम्बुलेंस तैनात करने तथा सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए। पूरे मेला क्षेत्र में एंटी-लार्वा छिड़काव व फॉगिंग नियमित रूप से कराने, अग्निशमन वाहनों की तैनाती तथा सुरक्षा की निगरानी हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए।
मेला क्षेत्र में संचालित नावों पर मालिक व नाविक का नाम, बैठने की क्षमता अंकित की जाएगी और लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य होगा। सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखे जाएंगे तथा विद्युत, फायर व फायर सुरक्षा की एनओसी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरा मेला क्षेत्र प्लास्टिक मुक्त जोन बनाया जाए और सभी तैयारियां 15 दिसंबर तक पूर्ण कर ली जाएं। विकास प्रदर्शनी में समूहों की दुकानें लगाने के निर्देश देते हुए कहा गया कि प्रदर्शनी पूरे मेले की अवधि तक संचालित रहे। साथ ही जिला गंगा समिति व पर्यटन विभाग के स्टॉल भी लगाने की मांग समिति के सदस्यों ने की। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डीएफओ राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर रजनी कान्त पाण्डेय आदि रहे|