फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गांगुली हैदराबादपुर में रविवार को पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से हुए हमले में 19 वर्षीय बीएससी छात्र वैभव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैभव के पिता और पड़ोसी राजेश के बीच रविवार दोपहर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि दोपहर में शुरू हुआ विवाद शाम को दोबारा भड़क उठा और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी। इसी दौरान राजेश ने वैभव के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल
हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन जब तक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हल्का इंचार्ज को मौके पर भेज दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
l

