फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम कनपटियापुर में शुक्रवार शाम मामूली विवाद के चलते दबंगों ने एक महिला, उसकी नाबालिग बेटी और मासूम पुत्र के साथ लाठी-डंडों व लात-घूंसों से जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि महिला और नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें भी कीं। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को
सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मारपीट होने के कारणों की जानकारी ली, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।पीड़ित किशोरी के पिता धर्मवीर ने दस लोगों के खिलाफ थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव के कुछ दबंगों ने कटिया पकड़वाने के शक में उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और उसकी पत्नी, बेटी तथा मासूम बेटे को बेरहमी से पीटा। इस हमले में किशोरी को गंभीर चोटें आईं, जबकि महिला और मासूम भी घायल हो गए। घटना के पीछे भूमि विवाद को भी एक बड़ा कारण बताया जा रहा है, जिसे लेकर पहले से दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था।
मारपीट की यह पूरी घटना किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद भी घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिससे पीड़ित परिवार में आक्रोश है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे लगातार पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने मारपीट के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया था, हालांकि आईटीआई चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने इस बात से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी को हिरासत में नहीं लिया है। वहीं थाना अध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अलग-अलग बयानों से ग्रामीणों में असंतोष है और वे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



