मध्याह्न भोजन बनाते समय लगी आग, रसोइया झुलसी

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता)कमालगंज क्षेत्र के गाँव गौसपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) तैयार करते समय अचानक गैस सिलेंडर के पाइप में आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर विद्यालय की रसोइया सरला देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के दौरान विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मंजूलता ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए फायर सेफ्टी सिलेंडर से आग पर काबू पा लिया, जिससे स्कूल में बड़ा हादसा टल गया और छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। झुलसी हुई सरला देवी को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना पर कमालगंज पुलिस भी मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालयों में सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच और प्रशिक्षण की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। खंड शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह नें बताया कि मामले की मामले की जाँच की जा रही है |