फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में नूराबाद थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में झुलसे तीन दोस्तों में से दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव इस्लामगंज निवासी अहिवरन कश्यप का 21 वर्षीय पुत्र गोपी कश्यप अपने गांव के दोस्तों दुर्गेश कश्यप और अनुपम के साथ रोजगार की तलाश में मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मुरैना के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करने गया था। फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर उनसे तरल पदार्थ तैयार करने का काम किया जाता था। 16 अक्टूबर की रात फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिससे तीनों
दोस्त गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया।
इलाज के दौरान 21 अक्टूबर को इलाज के दौरान दुर्गेश की मौत हो गई थी। शनिवार सुबह गोपी ने भी दिल्ली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार सुबह जब गोपी का शव गांव पहुंचा तो मां सावित्री देवी, भाई गोविंद और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में माहौल गमगीन हो गया। हर किसी की आंखें नम थीं, क्योंकि गोपी की शादी जल्द ही होने वाली थी। दोपहर में परिजनों ने नम आंखों से गोपी का अंतिम संस्कार किया।
मध्यप्रदेश में फैक्ट्री में आग लगने से फर्रुखाबाद के तीन दोस्त झुलसे, दो की मौत



