फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भोजपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में भव्य मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी
आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि छात्रों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक नागरिक को मताधिकार का अधिकार संविधान द्वारा प्रदान किया गया है, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता पर निर्भर करती है। मतदाता सूची जितनी शुद्ध होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं का मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो वे अपने अधिकारों को नहीं समझ पाएंगे। देश में बनने वाली नीतियां और मिलने वाले अधिकार सीधे तौर पर मतदान से जुड़े होते हैं। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता मतदान के दिन अपने घरों से निकलकर अनिवार्य रूप से मतदान करें, जिससे बेहतर जनप्रतिनिधि का चयन संभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान स्वीप एवं एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप जिलाधिकारी सदर रजनी कांत पाण्डेय, अपर उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र कुमार रहे |
मतदाता सूची जितनी शुद्ध होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी



