मंडी में आलू की जोरदार आवक, मंडी रोड पर लगा भीषण जाम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की सातनपुर मंडी में आलू की आवक 200 मोटर से अधिक रही। कोल्डस्टोरेज संचालकों और साउथ की मंडियों की सक्रिय खरीद के चलते मंडी में बिकवाली तेज रही और किसानों को बेहतर दाम मिले।
मंडी में सफेद गड्ड आलू 351 से 451 रुपये प्रति क्विंटल बिका। सामान्य छट्ठा 451 से 551 रुपये प्रति क्विंटल तथा सुपर छट्ठा साउथ क्वालिटी 551 से 621 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में बिक्री हुई। 3797 किस्म 601 से 701 रुपये प्रति क्विंटल बिकी। चिप्सोना 651 से 751 रुपये प्रति क्विंटल और हालैंड आलू 701 से 861 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका।
आवक अधिक होने के कारण मंडी रोड पर दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें सड़क पर लगी रहीं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य जारी रहा।