फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बाल भैरव मंदिर नितगंजा परिसर में बुधवार को भैरव बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन व बाबा को 56 भोग अर्पित किए गए। दोपहर बाद भव्य भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। मंदिर प्रांगण में रोशनी और फूलों से सजावट की गई थी, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा के जयकारे लगाए और श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। आयोजन में भैरव बाबा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विजय गुप्ता, दिनेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, संजीव सक्सेना,अनूप गुप्ता,उमेश सिंह, निखिल गुप्ता,आरती गुप्ता, संजीव वर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भैरव बाबा का धूमधाम से मनाया गया जन्मोत्सव



