फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आलू मंडी सातनपुर में शुक्रवार 19 दिसम्बर को आलू की आवक कम रहने के बावजूद बाजार में मंदी का असर साफ नजर आया। मंडी में आलू 261 से 321 रुपये प्रति पैकेट के भाव पर बिका, जबकि खुला आलू 581 से 701 रुपये प्रति कुंटल में बिक्री हुआ। आज मंडी में कुल आवक लगभग 125 मोटर ही रही, जिससे व्यापार में अपेक्षित तेजी नहीं आ सकी। मंडी में मौजूद किसानों ने बताया कि लगातार बनी मंदी ने उनकी कमर तोड़ दी है। एक ओर
आलू के दाम संतोषजनक नहीं मिल रहे हैं, दूसरी ओर अगली फसल की तैयारी का दबाव बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि गेहूं की बुवाई और दोबारा आलू की फसल लेने के लिए खेत खाली करना जरूरी है, इसलिए मजबूरी में आलू खोदना पड़ रहा है।किसानों के अनुसार यदि फसल देर से खोदी जाए तो अगली बुवाई प्रभावित होती है, जिससे आगे और नुकसान झेलना पड़ सकता है। ऐसे में कम दामों पर आलू बेचने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। कृषक संगठनों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि आलू के उचित समर्थन मूल्य और बाजार में स्थिरता के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिल सके।
भाव गिरे, आमदनी घटी; मजबूरी में फसल खोदने को विवश किसान



