भाजयुमो जिला मंत्री ने पद व पार्टी से दिया इस्तीफा

फार्रूखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सैकड़ो दर्दमंद मिलते है, बड़ी मुश्किल से सच्चे लोग चंद मिलते हैं, लेकिन जब आता है वक्त कमवक्त तो उनके दरवाजे भी बंद मिलते है| भाजयुमो जिला मंत्री अंकित तिवारी पर यह लाइनें इस समय सटीक बैठती हैं| जिले के एक रसूखदार नेता के करीबी होनें के बाद भी पुलिस कार्यवाही होनें से आहत अंकित नें इस्तीफा दे दिया| अंकित का इस्तीफा पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं में चर्चा का विषय बना हुआ है| नाम ना छापने की शर्त पर कुछ पार्टी पदाधिकारियों नें बताया कि कार्यकर्ता पार्टी के लिए दिन रात मेहनत करता है, लेकिन जब कार्यकर्ता के सम्मान पर बात आती है तो उसका सहयोग पार्टी नेताओं को करना चाहिए|
दरअसल अंकित तिवारी नें फेसबुक पर विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर की थी, जिसके बाद पुलिस ने अंकित को शांति भंग में गिरफ्तार किया| एक रसूखदार नेता के करीबी होनें के बाद भी पुलिस कार्यवाही नही बच सकी| अंकित तिवारी ने पुलिस कार्यवाही से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया| इस्तीफा जिलाध्यक्ष भाजयुमो को भेजा गया है| अंकित नें बताया कि पार्टी और पद दोनों से इस्तीफा दे दिया है| उनका किसी से कोई शिकवा नही है| जब तक पार्टी में काम किया पूरी निष्ठा के साथ किया| यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है|