बोर्ड परीक्षा से पहले गांव में ठप बिजली, छात्रों की बढ़ी चिंता

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव रामप्रसाद नगला में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 18 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, ऐसे में बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक बिजली का खंभा टूटा पड़ा है, जिसके कारण सप्लाई बाधित है। गांव में करीब पांच सौ से अधिक की आबादी है और 12 बिजली कनेक्शन धारक हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति में बच्चे रात में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने विभाग से शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि परीक्षा की तैयारी में किसी प्रकार की बाधा न आए। अवर अभियंता ने बताया कि गांव से कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही कई कनेक्शन धारकों पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है। चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि विभाग ने आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।