फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) बुआ के घर से वापस लौट रहे युवक की बाइक देर रात पुलिया के ऊपर से खड्ड में गिर गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने जब युवक को बाइक समेत खड्ड में पड़ा देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन रो-रोकर बेहाल हो उठे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के
मिर्जापुर कहां करकटा निवासी 40 वर्षीय प्रमोद पुत्र हरिराम शाक्य गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था। वह 21 नवंबर को परिजन की शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव आया था। बीती रात वह अपने फूफा गिरीश बाबू, निवासी भावन (अमृतपुर), के घर से वापस अपने घर लौट रहा था। थाना अमृतपुर क्षेत्र के खाखिन पुलिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे खड्ड में जा गिरी। सुबह ग्रामीणों ने प्रमोद को बाइक सहित खड्ड में पड़ा पाया और तत्काल सूचना परिजनों को दी। इसके बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे, जहां का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मोनू शाक्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी सूरज देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कस्बा इंचार्ज रवि सोलंकी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।



