फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सामने से दो बाईकों की भिड़ंत में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा हैं।
थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर शुक्रवार को प्रभात ढाबा के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। जिसमें तीन लोग
गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घायल सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद
एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों की पहचान नगला बीच निवासी 40 वर्षीय सर्वेश पुत्र बाकेलाल , 32 वर्षीय भूपेन्द्र पुत्र प्रेम सिंह तथा राजन बाबू पुत्र रणवीर सिंह निवासी मिसराना थाना भोगांव मैनपुरी के रूप में हुई है। राजन बाबू भोगांव में बैंक गार्ड की नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलते ही हल्का इंचार्ज अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइको के आमने-सामने भिड़ीं दो मोटर साइकिल, बैंक गार्ड सहित तीन गंभीर



