बसंत पंचमी पर खूब हुई पतंगबाजी, जमकर लड़ें पेंच

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बसंत पंचमी का उत्सव जिले में हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से लेकर शाम तक आसमान रग-बिरगे पतंगों से सजा रहा और खूब पतंगबाजी हुई। बच्चे, युवक और बुजुर्ग भी पतंगबाजी का लुफ्त उठाते हुए दिखाई दिए। नौजवानो ने अपने मकानों पर डीजे लगाकर खूब मस्ती की और शोर मचाते रहे। संत पंचमी अपने आप में एक अदभुत मौसम की शुरुआत है। इन दिनों पेड़ पौधे फूल व पत्तों से लद जाते हैं।

बसंत पंचमी का त्योहार जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने खूब पतंगबाजी की व आसमान पतंगों की रणभूमि बना रहा। पतंग व मांझा खरीदने के लिए सुबह से दुकानों पर भीड़ रही। बच्चों ने खूब रंग बिरंगे गुब्बारों व पतंगों की खरीद की। पूरा दिन डीजे की धमक पर पतंगबाजी होती रही। लोगों ने एक-दूसरे के पतंग काटकर मनोरंजन किया। प्रत्येक घर की छत पर विभिन्न डीजे सजाकर पार्टी की गई। विभिन्न प्रकार के खानों का लुत्फ उठाया। नौजवानों व बड़ों ने पतंग उड़ाई, वहीं छोटे बच्चों ने गुब्बारे हवा में लहराकर बसंत पंचमी की खुशी मनाई। इसके अलावा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर मां सरस्वती की आराधना की गई। घरों में पीले चावल व कढ़ी प्रसाद बने। सामान्य पतंग की कीमत पांच रुपये से लेकर दो सौ रुपये तक रही। बड़ी संख्या में नौजवानों ने पतंगों की खरीददारी की। लोगों ने पतंगबाजी का खूब आनंद लिया|