बच्चों की पतंगबाजी को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने गोली मारी

फर्रुखाबादः शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटकपुरा में पतंगबाजी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें फायरिंग में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गये। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटकपुरा निवासी 45 वर्षीय छोटे खां पुत्र जुम्मन खां व उसकी भाभी लसीम वानो पत्नी हुसैन खां को उनके पड़ोसी ने गोली मारकर घायल कर दिया।

घायल छोटे खां ने बताया कि मेरा 6 वर्षीय पुत्र अरशद दो दिन पूर्व पतंग उड़ा रहा था। मेरे पड़ोसी उमर यार का 25 वर्षीय पुत्र अजहर भी छत पर पतंगबाजी कर रहा था। पतंग उड़ाते-उड़ाते दोनो आपस में पेंच लड़ाने लगे। अजहर ने अरशद की पतंग काट दी। जिस पर अरशद व अजहर का झगड़ा हो गया।
जिसके बाद विवाद बड़ों के बीच तक पहुंच गया। आज सुबह छोटे खां अपनी छत पर खड़ा था। तभी अजहर छोटे खां से अभद्रता करने लगा। उसी बात को लेकर दोनो में गालीगलौज होने लगी। दोनो छत से नीचे उतर आये। तभी अचानक अजहर ने तमंचे से छोटे खां पर फायर झोंक दिया। जिससे छोटे खां की टांग में गोली लग गयी। मारपीट में छोटे खां की 40 वर्षीय भाभी लसीम वानो भी घायल हो गयीं। दोनो को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। उमर यार, कमर अंसारी व अजहर के विरुद्ध तहरीर दी गयी है।