फांसी के फंदे पर झूलती मिली सफाई कर्मी की पत्नी, मौत

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी जान अली भीकमपुर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। नगर पालिका में सफाई कर्मी के पद पर तैनात अनिल बाल्मिक की 28 वर्षीय पत्नी सोनम ने आत्महत्या कर ली।
ड्यूटी से लौटने पर खुला मामला
जानकारी के अनुसार अनिल रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर गया था। करीब 10 बजे जब वह घर लौटा तो दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो अनिल को अनहोनी की आशंका हुई।
चार माह का बेटा नीचे मिलने पर बढ़ी चिंता
इसी दौरान अनिल को जानकारी मिली कि उसका चार माह का बेटा नीचे रहने वाली चाची के पास है। इसके बाद उसने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां सोनम का शव फांसी पर लटका देख वह अवाक रह गया।
दुपट्टे से लगाया फंदा
बताया गया कि सोनम ने बेड पर खड़े होकर छत में लगे कुंडे में दुपट्टे का फंदा डालकर फांसी लगाई थी। मोहल्ले के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मायके का पता, छह साल पहले हुआ था विवाह
मृतका सोनम कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला कैट कॉलोनी कासिमबाग निवासी मदनलाल की पुत्री थी। उसका विवाह छह वर्ष पूर्व अनिल से हुआ था। सोनम के दो बच्चे हैं, जिनमें दो वर्षीय पुत्री सोना और चार माह का बेटा शामिल है। घटना से पहले सुबह सोनम अपनी पुत्री को कन्हई नगला स्थित स्कूल छोड़कर आई थी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह बीबीगंज चौकी प्रभारी नितिन कुमार यादव के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। अधिकारियों को सूचना देकर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मानसिक परेशानी की बात सामने आई
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि चार माह पहले बेटे के जन्म के बाद से सोनम का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही।
पति ने विवाद से किया इनकार
वहीं मृतका के पति अनिल ने बताया कि पत्नी के साथ कभी किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। सुबह घर के सभी लोग नगर पालिका की सफाई ड्यूटी पर चले जाते थे। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष अजब सिंह नें बताया की पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं, तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी|