फर्रुखाबाद समेत प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक संग वज्रपात का अलर्ट

लखनऊ:उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम ने फिर करवट ली।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि बुधवार को प्रदेश के लगभग 30 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है।30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्षा ऋतु में पूर्वी उत्तर प्रदेश में 799 मिमी यानी सामान्य से 110 प्रतिशत बारिश होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 672 मिमी यानी सामान्य से 112 प्रतिशत बरसात होगी। औसत प्रादेशिक वर्षा सामान्य से 10-12 प्रतिशत अधिक रहने की संभावना है। जून में औसत प्रादेशिक वर्षा सामान्य से अधिक होने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। ऐसे में प्रदेश में लू के दिनों की संख्या कम होगी।