फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के चौक से घुमना तक लगने वाले साप्ताहिक संडे बाजार को रविवार को पुलिस द्वारा जाम की आशंका के चलते नहीं लगने देने पर विवाद खड़ा हो गया। बाजार न लगने से नाराज पटरी दुकानदारों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के नेतृत्व में नेहरू रोड पर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धरने का नेतृत्व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, युवा व्यापार मंडल के अंकुर श्रीवास्तव तथा पटरी व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने किया। दुकानदारों के सड़क पर बैठ जाने से नेहरू रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के घुमना चौकी प्रभारी अमित गुप्ता और पल्ला चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने धरनारत पटरी दुकानदारों से वार्ता की। बातचीत के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि चौक क्षेत्र में बार-बार लगने वाले जाम की गंभीर समस्या को देखते हुए अब यहां संडे बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि आगामी रविवार से भी इस स्थान पर बाजार न लगाया जाए।
कोतवाल दर्शन सिंह ने बताया कि संडे बाजार के कारण चौक क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन सरकारी वाहन भी फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि पटरी दुकानदारों को पहले ही इस संबंध में सूचित किया जा चुका है तथा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उन्हें संभवतः कृष्णा फील्ड में दुकान लगाने की अनुमति दी जा सकती है। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया गया और स्थिति सामान्य हुई, हालांकि संडे बाजार को लेकर पटरी दुकानदारों में नाराजगी बनी हुई है।
फर्रुखाबाद में संडे बाजार को लेकर बवाल, पटरी दुकानदारों ने लगाया जाम



