फर्रुखाबाद में ‘नमो ड्रोन दीदी’ चयन को स्वीकृति, 28 सीएलएफ से होंगी 28 ड्रोन दीदी नियुक्त

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना हेतु सीएलएफ चयन के लिए जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के सभी 28 सीएलएफ के माध्यम से 28 ड्रोन दीदी एवं ड्रोन सहायक के चयन को स्वीकृति प्रदान की गई। चयनित ड्रोन दीदी ड्रोन के माध्यम से फसलों में यूरिया, कीटनाशक एवं अन्य उर्वरकों का छिड़काव करेंगी, जिससे किसानों को समय और श्रम की बचत होगी तथा कृषि कार्य अधिक सुगम और आधुनिक बनेगा।
अधिकारियों ने बताया कि चयनित ड्रोन दीदी को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से 80 प्रतिशत अनुदान पर ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।