फर्रुखाबाद में दो रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, 97.07 करोड़ रुपये की मंजूरी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में लगने वाले जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। फर्रुखाबाद–कायमगंज मार्ग पर स्थित दो रेलवे क्रॉसिंगों पर रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से व्यय वित्त समिति ने 10 मार्च 2026 को इस परियोजना के लिए 97.07 करोड़ रुपये की धनराशि को अनुमोदन प्रदान कर दिया है।
यह ओवरब्रिज क्रॉसिंग संख्या 154 स्पेशल और क्रॉसिंग संख्या 09 स्पेशल के ऊपर बनाया जाएगा। प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु की कुल लंबाई 1013.71 मीटर होगी, जो दोनों क्रॉसिंगों को कवर करेगा।
जानकारी के अनुसार सेतु निगम द्वारा दोनों क्रॉसिंगों के बीच आम जनता के आवागमन की सुविधा के लिए पुल के दोनों ओर रैम्प भी बनाए जाएंगे। वहीं रेलवे की ओर से दोनों क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाए जाने का भी प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
वर्तमान में इन दोनों रेलवे क्रॉसिंगों के अधिकतर समय बंद रहने के कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज बनने के बाद लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से कई बार व्यक्तिगत मुलाकात की। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को भी कई बार तलब कर परियोजना को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि व्यय वित्त समिति से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही शासनादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।