फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद फर्रूखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया।
मंत्री जयवीर सिंह ने कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत दो किसानों को रोटावेटर तथा एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इसके बाद पांच दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं पांच को हीयरिंग किट वितरित की गई। शीतलहर को देखते हुए 20 जरूरतमंदों को कंबल भी प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 7 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन/एससीपी राज्य सेक्टर योजना के तहत 10 लाभार्थियों को संकर सब्जी बीज दिए गए। कृषि विभाग की सोलर पंप योजना में चयनित पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के दो लाभार्थियों, एक जनपद एक उत्पाद योजना के एक लाभार्थी तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के एक लाभार्थी को चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के पांच, समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के पांच तथा श्रम विभाग की मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
इसके पश्चात मंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की। एनएचएआई के जेई ने बताया कि बेवर–फर्रूखाबाद मार्ग के गड्ढे भर दिए गए हैं, पुलियों के ज्वाइंट ठीक कर दिए गए हैं तथा रेलिंग ड्राइंग के अनुरूप लगाई गई है।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने खराब ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति योजनाओं की खराब रैंकिंग पर भी मंत्री ने असंतोष व्यक्त किया और जिलाधिकारी को विशेष समीक्षा करने को कहा। मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, 102 एंबुलेंस सेवा, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता सुधार के लिए स्थलीय निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ रहे|
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा



