प्रदेश में तेज आंधी-बारिश के बरपाया कहर,11 की मौत,कई घायल

लखनऊ:प्रदेश में बीते दिन अचानक आई आंधी और बारिश के कहर से प्रदेश के अवध हिस्से में 11 लोगो की मौत हो गई है| यह हादसा दीवार, टीन शेड और पेड़ गिरने से हुआ है। गुरुवार को हुए इस हादसों में बाराबंकी में पांच लोगों की मौत हो गई।वहीं छह लोग घायल हुए। इसी तरह अयोध्या में अलग-अलग हादसों में पांच महिलाओं की मौत हुई और आधा दर्जन लोग इसमें घायल हो गए।अमेठी जिले में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बेमौसम हुई इस बारिश से कई मार्गों में पेड़ गिरे। पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। आम और गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है।बाराबंकी,बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा में ओले गिरने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश,ओलावृष्टि,वज्रपात के दृष्टिगत सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नज़र रखें। आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में प्रभावितों को तत्काल राहत राशि का वितरण करें। इसके साथ ही साथ वर्तमान में गतिमान गेहूं की सरकारी खरीद के दृष्टिगत मंडियों सहित सभी खरीद केन्द्रों पर गेहूं के सुरक्षित भण्डारण का पूरा ध्यान रखा जाए। सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस संबंध में अग्रेत्तर कार्यवाही की जा सके। जल जमाव की स्थिति होने पर प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।