पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत तीन निरीक्षकों को मिली नई तैनाती

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिले की पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया। लंबे समय से पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत चल रहे तीन निरीक्षकों को अब महत्वपूर्ण थानों में तैनाती मिली है| आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एसपी ने निरीक्षक योगेंद्र सोलंकी को कोतवाली मोहम्मदाबाद भेजा गया है, उन्हें तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के लिए यह पोस्टिंग महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके अलावा निरीक्षक नीतू यादव को कोतवाली फतेहगढ़ भेजा गया है। शहर का यह सबसे संवेदनशील और व्यस्त इलाका माना जाता है। यहाँ ट्रैफिक नियंत्रण से लेकर कोतवाली क्षेत्र के कानून-व्यवस्था की चुनौतियाँ भी बड़ी हैं। नीतू यादव के अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, निरीक्षक इंद्रजीत सिंह को थाना राजेपुर में नई तैनाती मिली है। राजेपुर क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ते अपराध और सक्रिय पुलिसिंग की ज़रूरत को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के इस कदम को पुलिसिंग को तेज़ और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया बड़ा निर्णय माना जा रहा है। तीनों निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी नई तैनाती स्थल पर तुरंत कार्यभार ग्रहण कर कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दें।