पत्नी मायके से न आने पर पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना क्षेत्र के ग्राम गूजरपुर गहलवार में पारिवारिक तनाव के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय राहुल पुत्र सतीश की पत्नी सोनी अपने मायके थाना हरपालपुर जनपद हरदोई के गांव बालली में अपनी दादी की होली उठाने के कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थी। बताया गया है कि राहुल शराब पीने का आदी था। बीती रात उसने शराब पीकर पत्नी को फोन कर तुरंत घर आने के लिए कहा।
पत्नी सोनी के अनुसार वह पति के फोन करने पर अपने मायके से ससुराल के लिए निकल पड़ी, लेकिन रास्ते में सवारी न मिलने के कारण समय पर घर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच राहुल ने घर के कमरे में रखे बांस में अपनी धोती का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब सोनी घर पहुंची तो पति को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गई और रो-रोकर कहने लगी कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कोई विवाद नहीं था, वह केवल होली के पर्व पर मायके गई हुई थी। मृतक अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके दो छोटे बच्चे—काव्य और अनुराग—हैं। घटना के बाद मां सीमा समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई सूरज ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।