फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को विकासखंड कार्यालय बढ़पुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायतों में जाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समय से पूर्ण करने को कहा गया। फार्मर रजिस्ट्री में खराब प्रगति पाए जाने पर तीन पंचायत सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
ब्लॉक क्षेत्र में स्थापित सभी आरआरसी सेंटरों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता से मिलकर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे को पारदर्शी ढंग से कराने, गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, गौसेवकों की रात्रिकालीन उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी वित्तीय वर्ष में गौशालाओं के लिए समय से भूसे का टेंडर कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



