धार्मिक स्थलों पर चोरों की नजर! अब डीएम-एसपी आवास के निकट मंदिर के ताले तोड़कर नकदी साफ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में धार्मिक स्थलों पर बढ़ रही चोरी की वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात से लेकर पिछले कुछ दिनों के भीतर चोरों ने कई मंदिरों और एक चर्च को निशाना बनाया, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का प्रभावी खुलासा नहीं कर सकी है। पहला मामला कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम विजाधारपुर स्थित वरिष्ठ जेल अधीक्षक आवास के निकट शिव शक्ति महाकाल मंदिर का है, जहाँ चोरों ने बीते 5 नवम्बर को दिनदहाड़े मंदिर परिसर में लगे कीमती घंटे चोरी कर लिये और जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के आसपास बीते दिनों से संदिग्ध गतिविधियाँ देखी जा रही थीं, लेकिन पुलिस गश्त नहीं बढ़ाई गई, जिसका फायदा चोरों ने उठा लिया।
दूसरी घटना रखा चर्च में बीते 30 नबम्बर को चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और वहां से नकदी समेत कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं।
बीती रात जहाँ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी आवास से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित भारत माता मंदिर को भी चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी ले गए और साथ ही मंदिर में रखा अन्य कीमती सामान भी उड़ाकर ले गए। प्रशासनिक अधिकारियों के आवास के पास हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि जब शीर्ष अधिकारियों के घरों के पास मौजूद मंदिर सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता किस तरह सुरक्षित महसूस करेगी। इन तीनों घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती चोरी से लोगों में भय का माहौल है। लोगों नें धार्मिक स्थालो की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है |