धनतेरस पर गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की जमकर खरीददारी

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली पर हर घर में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों का पूजन होता है। सड़कों पर लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों की दुकानें सजी नजर आने लगी हैं। इसके साथ ही धनतेरस और दीपावली के दिन लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों की बिक्री के लिए सराफा बाजार में भी चांदी और सोने के लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां आ चुकी हैं। चांदी में दो हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की मूर्तियां शोरूम में ही मिल रही हैं। बाजार में फुटपाथ पर मिट्टी की मूर्तियों की धूम है|
दीपावली के दो दिन ही बचे हैं। बाजार में त्योहार की गर्माहट साफ महसूस होने लगी है। सराफा बाजार में इस समय चांदी में दो हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की मूर्तियां मिल रही हैं। गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति से लेकर पटाखे, झालर, दीये से बाजार पट गए हैं। दीवाली को ले अभी से ही गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति व अन्य समान की खरीदारी भी शुरू हो गई है। बाजार में 50 से दो हजार रुपये तक की गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति बिक रही है। कारीगरों के चेहरे पर मुस्कान भी देखी जा रही है। दुकानदार स्थानीय स्तर पर बनी मूर्ति के अलावा चुनार समेत अन्य दूसरे शहरों से मूर्ति लाकर बेच रहे हैं। मिट्टी से बने भगवान गणेश व लक्ष्मी की मूर्ति के अलावा रंग-बिरंगे खिलौने अपनी भव्यता को बिखेर रहे रहे हैं।
घरेलू साज-सज्जा का बढ़ा बाजार सजा
दिवाली पर घरेलू साज-सज्जा के लिए बाजार में तरह-तरह के आर्टीफिशियल फूल सजे हैं। नेहरु रोड, रेलवे रोड़, लोहाई रोड समेत अन्य बाजार में विभिन्न रंगों में यह फूल असली को भी मात दे रहे हैं। इनमें गुलाब से लेकर विदेशी फूलों तक के गुच्छे हैं। इनकी कीमत 120 रुपये से लेकर 700 रुपये तक हैं। इसके अलावा अलग-अलग डिजायन के रंगोली भी बाजार में बिक रही है।