दिल्ली में बंद होंगे 10 हजार ऑटो रिक्शा

नई दिल्ली|| दिल्ली में स्मार्ट कार्ड की तर्ज पर परमिट बनवाने के लिए आवेदन कर पाने में विफल रहने के कारण 10,491 ऑटो रिक्शा को बंद कर दिया जाएगा।

इसे देखते हुए ऑटो चालक संगठनों ने ह़डताल की धमकी दी है। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल नवम्बर में तीन पहिया वाहनों के बारे में रिकॉर्ड रखने के लिए दिल्ली सरकार ने ऑटो रिक्शा चालकों से स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए कहा था। ऑटो चालक संगठनों ने दिल्ली सरकार के फैसले से अनभिज्ञता जाहिर की है।

राष्ट्रवादी तीन पहिया चालक महासंघ के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा, दिल्ली परिहवन आयुक्त की ओर से हमें कोई जानकारी नहीं मिली है।इस बारे में मीडिया से सूचना मिली है, लेकिन परमिट खत्म करने का दिल्ली सरकार का यह फैसला अनुचित है।

शर्मा के अनुसार जिन ऑटो रिक्शा चालकों ने पंजीकरण करा लिया है उनका भी अभी तक स्मार्ट कार्ड नहीं मिला है। उन्होंने कहा, ऑटो रिक्शा खरीदने वाले अधिकतर वे चालक जिनके नाम से वाहनों का पंजीकरण नहीं हो पाया है। ऎसी स्थिति में हमने परिवहन विभाग से कहा है कि वाहनों का पंजीकरण मौजूदा मालिकों के नाम कर देना चाहिए।

दिल्ली ऑटो यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सोनी ने कहा, अगर सरकार 10,000 ऑटो रिक्शा को परमिट देने के लिए तैयार नहीं हुई तो हम ह़डताल करेंगे।उल्लेखनीय है कि दिल्ली में करीब 55 हजार ऑटो रिक्शा हैं।