दर्शन से लौटते समय काल बना डंपर, मौसी-भांजे की मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कैची धाम से दर्शन कर लौट रहे मौसी-भांजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाला हादसा मोहम्मदाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर हुआ, जहां अज्ञात डंपर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सुनील कुशवाह पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र कुशवाह, निवासी वार्ड नंबर-30 वीरेंद्र नगर, थाना भिंड, मध्य प्रदेश तथा उनकी मौसी35 वर्षीय कांति कुशवाह पत्नी रवि कुशवाह, निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी लोग कार से कैची धाम दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
हादसे में कार सवार संजय कुशवाह, ऋषि कुशवाह, नीलम कुशवाह और अंजना कुशवाह को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही रात्रि में चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को डायल-108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भिजवाया। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया।
सुबह उप निरीक्षक जसवीर सिंह द्वारा पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक सुनील दो भाइयों में छोटा था और एमए का छात्र था। वहीं मृतिका कांति कुशवाह के पति रवि कुशवाह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतका कांति के तीन बच्चे हैं, 14 वर्षीय आयुष,12 वर्षीय मानसी एवं 8 वर्षीय श्री हैं| हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।