तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को कुचला, दो मौसेरे भाइयों की मौत

फर्रुखाबाद:(शहर/राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। अमृतपुर की ओर से फर्रुखाबाद की तरफ आ रहे बाइक सवारों को सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने पश्चिमी गोटिया गांव के सामने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया है कि मृतक आपस में मौसेरे भाई थे। इनमें 25 वर्षीय विवेक पुत्र रामनाथ निवासी अंगूरी बाग बांस मंडी फर्रुखाबाद के भाई विपिन का विवाह 10 मार्च को होना है। विवेक अपने मौसेरे भाई गुड्डू पुत्र राजवीर निवासी गंगा दरवाजा फर्रुखाबाद के साथ बाइक से शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में शादी के कार्ड वितरित करने गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार डीसीएम चालक की तलाश में जुटी है।प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस की परिजनों से नोकझोंक दरअसल पुलिस एक निजी भार वाहन से दोनों घायलों को लेकर लोहिया अस्पताल पंहुची, लेकिन परिजन पुलिस आने से पूर्व ही पंहुच गये| जिस पर परिजन खफा हो गये, परिजनों नें एम्बुलेंस की जगह निजी वाहन से दोनों को लाने पर आपत्ति जाहिर की | जिसको लेकर पुलिस से झड़प भी हो गयी|