तीन मंजिल निर्माणाधीन मकान से गिरकर राजमिस्त्री की मौत

फर्रुखाबाद:(कमालगंज/जहानगंज संवाददाता) तीन मंजिल निर्माणाधीन मकान से गिरकर राजमिस्त्री बुरी तरह घायल हो गया| उसे सीएचसी में भर्ती किया गया| जहाँ चिकित्सक नें उसे मृत घोषित कर दिया| परिजनों में कोहराम मच गया| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम मेदा श्याम निवासी 25 वर्षीय आशीष कुमार जाटव पुत्र नरेंद्र सिंह ग्राम घाटमपुर में निर्माणाधीन मकान में लेटर का गाटर हटानें के दौरान अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया| उसे गंभीर हालत में 108 एम्बुलेंस से सीएचसी कमालगंज भेजा गया| सीएचसी में चिकित्सक नें उसे मृत घोषित कर दिया| राजमिस्त्री आशीष की मौत पर परिजन आक्रोशित हो गये, उन्होंने शव रखकर जाम लगानें की योजना बनायी, जिससे पुलिस एलर्ट हो गयी| पुलिस और मृतक के परिजनों में जमकर नोकझोंक हुई| बाद में पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| मृतक की पत्नी माधुरी, माँ शर्मिला देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया | सीएचसी में थानाध्यक्ष कमालगंज अनुराग मिश्रा, थानाध्यक्ष जहानगंज जितेन्द्र पटेल आदि मौके पर पंहुचे|