फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर रिटायर्ड शिक्षक सहित दो की मौत हो गयी| पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा | परिजनों में चीत्कार मच गयी|
कोतवाली मोहम्मदाबाद के रोहिला के मूल निवासी व हाल निवासी शहर के मोहल्ला बजरिया जाफर खां निवासी 65 वर्षीय हरगोबिन्द यादव रिटायर्ड शिक्षक थे| वह अपनी मोपेड से भागवत सुनने थाना मऊ दरवाजा के ग्राम रानीगढ़ जा रहे थे| उसी दौरान ईंट लगा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर मौके पर आ गया| ट्रैक्टर नें रानी गढ़ गाँव के निकट ही हरगोविंद व ग्राम रानीगढ़ निवासी 45 वर्षीय भवर पाल पुत्र सूबेदार को कुचल दिया| ट्रैक्टर खड्ड में चला गया| हरगोविंद व भवरपाल की मौके पर ही मौत हो गयी| मृतक हरगोविन्द की पत्नी नलनी पुत्र अजय व मृतक भवर पाल की पत्नी रीता आदि का रो-रो कर बुरा हाल हो गया| चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया|
सूचना मिलनें पर थाना पुलिस मौके पर पंहुची और जाँच पड़ताल की | उप निरीक्षक मुनीर खान व उप निरीक्षक नितिन कुमार नें शवों के पंचनामा भरे| थाना प्रभारी बलराज भाटी ने बताया कि चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया| ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है| शवों के पोस्टमार्टम कराये जा रहे हैं| तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा| 


ट्रैक्टर से कुचलकर रिटायर्ड शिक्षक सहित दो की मौत



