फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) गैसिंहपुर स्थित गैस प्लांट में बुधवार सुबह से ट्रांसपोर्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। भाड़ा समय पर न मिलने और महीने में सीमित काम मिलने से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने सभी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी कर दीं। हड़ताल के कारण प्लांट का परिवहन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
प्लांट में करीब 10 ट्रांसपोर्टरों की 70 से अधिक गाड़ियां गैस सिलेंडर की ढुलाई में लगी हुई हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि उन्हें महीने में केवल 8 से 10 चक्कर ही मिलते हैं, जिससे गाड़ियों का खर्च तक नहीं निकल पा रहा है। इस वजह से वे लंबे समय से परेशान थे और अब मजबूर होकर हड़ताल पर चले गए हैं। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि जब तक उन्हें पूरे महीने का काम सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक
हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन गोदाम मालिकों के पास अपनी निजी गाड़ियां हैं, उन्हीं का लोड फिलहाल भरा जा रहा है, जबकि बाकी सभी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी हैं।
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल फर्रुखाबाद प्लांट से गैस की आपूर्ति रुकी हुई है, जबकि कन्नौज में कानपुर से, मैनपुरी और एटा में अलीगढ़ से तथा बदायूं में शाहजहांपुर से गैस भेजी जा रही है। गैस प्लांट के डीजीएम किशोर बेहरा ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों से बातचीत जारी है और आपसी सहमति से जल्द समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वार्ता सफल होने पर जल्द ही परिवहन कार्य दोबारा शुरू हो जाएगा।
ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर, गैस प्लांट में ठप हुआ परिवहन कार्य



