फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कई दिनों तक भीषण गर्मी से लोगों को झुलसाने के बाद बीते शुक्रवार से शुरू हुई बारिश बीती पूरी रात जारी रही| अचानक बदले मौसम के मिजाज नें मौसम को खुशनुमा बना दिया| वैसे क्षेत्र में दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी। चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया था। ऐसा लगने लगा था कि अब गर्मी ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है।
लेकिन बीते शुक्रवार से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन दोपहर तक नही थमी| शनिवार को भी सुबह मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। जो दोपहर तक हुई| इस बरसात ने उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को काफी राहत दी। ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतर तालाब लबालब हो गये| वहीं शहर की गलियाँ जलायशों में तब्दील हो गयीं|
बारिश की फुहार से गर्म मौसम से राहत मिली। गन्ने की खड़ी फसल तथा धान की पौध को लाभ पहुंचा। धान की रोपाई में भी बारिश लाभदायक होगी। इसके साथ ही खेतों में खड़ी मक्का को नही छीलकर रखी मक्का कई जगह भीग गयी| जिससे किसानों को नुकसान हुआ| जोरदार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। पहले से चोक नाले-नालियां उफना गईं। उनका गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा|
झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है वहीं बारिश से शहर में सब ओर जलभराव हो गया। मोहल्लों की गलियों में ही नहीं मुख्य सड़कों पर भी पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। शहर के गंगा नगर, मदारबाड़ी, इस्माइलगंज सानी, तलैया मोहल्ला में गलियाँ जलमग्न हुई|मोहल्ले में नालियों की सफाई न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी बहता नजर आया। वहीं शनिवार लगभग दोपहर दो बजे सूर्य नारायण के दर्शन भी हुए|



