जिले में धूमधाम से मना भाई दूज का पर्व, बसों व मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर जहां उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने प्रेम को दर्शाया।
दीपावली के पांच पर्वो की लड़ी में शामिल भाई दूज का पर्व गुरुवार को क्षेत्र में धूमधाम से मना। सुबह ही घरों में इस पर्व की धूम शुरू हो गई थी। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना कर रही थीं और भाइयों की ओर से उन्हे उपहार भेंट किए जा रहे थे। परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों को तिलक लगाने के बाद नारियल आदि भी दिए। इस पर्व पर शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति रहा जिसके माथे पर लाल रंग का तिलक न सजा हो अन्यथा सबके माथे पर लगे टीके भाई दूज पर्व की महत्ता का अहसास करा रहे थे। परिवार के जहां बड़े सदस्यों ने इस पर्व की परंपरा को निभाया वहीं छोटे-छोटे बच्चों पर भी इस पर्व का रंग खूब देखा गया।
बजार में दिखी रौनक
भाई दूज पर बाजारों में खासी भीड़ देखी गई। विशेषकर मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर लोगों की अधिक भीड़ थी। मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। दीपावली के बाद एक बार फिर से दुकानों के बाहर तरह-तरह की मिठाइयां सजी दिखाई दी और उनके खरीदारों का तांता लगा हुआ था। भाई दूज के पर्व को लेकर वाहनों में भी खासी भीड़ थी। विवाहित बहनों की ओर से भैया दूज का पर्व मनाने के लिए भाइयों के घर जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। सड़कों पर खासी भीड़ देखी गई। ट्रेनों में भी आम दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक थी।
जमकर बिका नारियल का गोला
भाई दूज के त्योहार को देखते हुए बाजार में गोले की मांग शनिवार को आम दिनों की अपेक्षा कई गुना रही। बाजार में गोलों के लिए महिलाएं दुकानों पर पहुंचती रही। गोले की बिक्री को लेकर दुकानदारों ने इसे पिछले काफी दिनों से भाई दूज के लिए स्टोर कर रखा था।
बसों में रही भीड़भाड़ः
भाई दूज का त्योहार जिले में उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया गया। बसों में भीड़ के चलते धक्का-मुक्की के बीच भाई बहनों के घर पहुंचे। बसों में चढ़ने की भी जगह नहीं मिलने पर कई मार्गों पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर भी भीड़भाड़ रही।
बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। वहीं भाई दूज के चलते बाजारों में भी रौनकर रही। भाइयों और बहनों ने बाजार में जाकर एक दूसरे के गिफ्ट खरीदे। साथ ही मिठाइयों की भी खूब बिक्री हुई। मिठाई की डिमांड को देखते ही बाजार में जगह जगह स्टाल भी लगाए गए थे।