जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुविधाओं की स्थिति तथा साफ-सफाई का गहनता से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े सभी कार्यों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, कार्यालय में आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय में सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, कार्यालय के सामने स्थित ढलान को शीघ्र दुरुस्त कराने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा डिजिटल सेवाओं के प्रभावी उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं प्रशासन) सुभाष राजपूत रहे।