फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगला हुषा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
चौपाल में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने साइबर अपराधों को लेकर ग्रामीणों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि साइबर ठग फर्जी कॉल कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, ऐसे में किसी को भी ओटीपी न दें। यदि किसी की पेंशन कट जाती है तो सीधे संबंधित कार्यालय जाकर जानकारी लें और किसी के बहकावे में न आएं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाई जा सके। कोहरे के मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है या जिनकी शादियां हो गई हैं, उनके नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटवाए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को मतदाता सूची पढ़कर सुनाने के भी निर्देश दिए। तहसीलदार शशांक सिंह ने कहा कि जो लोग सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया गया और बताया गया कि भविष्य में लाभ पाने के लिए यह अनिवार्य है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो किसान रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, उन्हें किसान के रूप में मान्यता नहीं मिलेगी। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं से होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। सीडीओ विनोद कुमार गौड़, तहसीलदार शशांक सिंह आदि रहे |
जिलाधिकारी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक



