जय गुरुदेव के कार्यक्रम में भगदड़, दो दर्जन श्रद्धालुओं की मौत

jay-gurudevवाराणसी: वाराणसी के राजघाट पुल पर जय गुरुदेव के समर्थकों के कार्यक्रम में भगदड़ मचने से 24 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वालों में 15 महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। ये घटना चंदौली और वाराणसी के बीच घटी। ये सभी श्रद्धालु डुमरिया के जय गुरुदेव के समागम में जा रहे थे।

घायलों को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि ये हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क पर भारी संख्या में श्रद्धालु जुट गए जबकि वहां जाम लगा होने के चलते आगे जाने का रास्ता नहीं था।

वाराणसी के एसएसपी आकाश कुलहारी ने कहा कि पहली नजर में मौत का वजह गर्मी और दम घुटना लगता है क्योंकि भगदड़ जैसी स्थिति नहीं थी। लोग तीन घंटे से भीड़ में फंसे थे और गर्मी बहुत ज्यादा था।वाराणसी के आईजी एस के भगत ने भी कहा कि ये दम घुटने की वजह से हुई घटना है। भगदड़ की वजह से नहीं हुई है। प्रशासन वहां पर था पर घुटन की वजह से ये हादसा हुआ। अखिलेश सरकार ने घायलों को मुफ्त इलाज और मरने वालों के परिजनों को 5-5 लाख की मुआवजा राशि का ऐलान किया है।

वहीं पणजी में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘वाराणसी में भगदड़ के दौरान लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। घायलों के लिए प्रार्थना।’ उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘मैंने अधिकारियों से बात की है और वाराणसी में भगदड़ से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के लिए कहा है।’