फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय जनता पार्टी के सांसद मुकेश राजपूत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोप-प्रत्यारोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनपद में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे, गंगा, रामगंगा एवं रेलवे पुलों की सौगात सरकार की ओर से मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना आधार के आरोप लगाने के बजाय उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में सड़कों का व्यापक स्तर पर चौड़ीकरण किया जा रहा है तथा केंद्र और प्रदेश
सरकार की योजनाएं हर क्षेत्र में युद्ध स्तर पर लागू की जा रही हैं।
सांसद ने कहा कि जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है, लेकिन विपक्ष के पास अब विकास का कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा आय से अधिक संपत्ति संबंधी लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि बयानबाजी करने से पहले वे अपनी संपत्ति सार्वजनिक करें।
होली पर्व को देखते हुए सांसद ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि चेकिंग के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न न किया जाए। तलाशी की कार्रवाई सम्मानजनक और संयमित ढंग से होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने होलिका दहन के समय बिजली के केबिलों का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, अनूप मिश्रा आदि रहे|




