फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानपुर–फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर स्कूली छात्राओं पर फब्तियां कस रहे तीन युवकों पर एक राहगीर ठेकेदार भड़क उठे। शहर के नामी स्कूल की बस आवास विकास की ओर मुड़ रही थी। बस के पीछे एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार तीन युवक चल रहे थे, जो बस में बैठी छात्राओं पर भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट कर रहे थे। उनकी हरकतों को देखकर आसपास चल रहे लोग भी असहज हो रहे थे, लेकिन कोई आगे आने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। इसी दौरान उनके पीछे से एक ठेकेदार अपनी बाइक से आ रहे थे। युवकों की बदसलूकी भरी बातें सुनकर वह खुद को रोक नहीं सके। आवास विकास स्थित लोहिया मूर्ति तिराहे के पास उन्होंने युवकों को रुकवाया और जमकर फटकार लगाई। ठेकेदार ने सख्त लहजे में कहा कि स्कूली बच्चियों पर फब्तियां कसने वालों को समाज में किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन छात्राओं से उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है, लेकिन इस तरह की घटनाओं पर हस्तक्षेप करना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। ठेकेदार की डांट-फटकार के बाद राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। लोगों की बढ़ती संख्या देखकर तीनों युवक घबरा गए और मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका अक्सर भीड़भाड़ वाला रहता है और स्कूली बसें इसी मार्ग से गुजरती हैं, इसलिए सुरक्षा और निगरानी की आवश्यकता और बढ़ जाती है। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए समय रहते हस्तक्षेप करना कई बड़ी घटनाओं को टाल सकता है। लोगों नें मांग कर कहा की स्कूल की छुट्टी के समय पुलिस कों सड़क पर रहना चाहिए जिससे इस तरह की घटनाओ कों बचाया जा सके और सरकार द्वारा चलाया जा रहा मिशन शक्ति सफल हो सके|
छात्राओं पर फब्तियां कस रहे मनचलों को ठेकेदार ने लगायी लताड़, भीड़ जुटते ही मौके से फरार



