चौकीदार पर चोरी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लालगेट क्षेत्र स्थित एक व्यापारी के घर से चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा कोतवाली बाजार पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। शहर कोतवाली के मोहला लाल दरवाजा निवासी कुलप्रीत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि इसका पैतृक भवन लालगेट स्थित है। वह पिछले लगभग पाँच माह से अस्वस्थ रहने के कारण लखनऊ के वैशाली अपार्टमेंट में अस्थाई रूप से रह रहा था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर जब वह पुनः अपने पैतृक आवास लौटा, तो उसने देखा कि निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री — लोहे के तार, सरिया एवं अन्य सामान — काफी मात्रा में गायब है। उसकी अनुपस्थिति के दौरान घर की देखरेख एवं चाबी मिथुन सक्सेना पुत्र स्वर्गीय आसाराम सक्सेना के पास थी, किंतु चोरी हुई सामग्री के बारे में पूछताछ करने पर उसने कोई स्पष्ट जानकारी होने से इंकार कर दिया। गायब सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग दो लाख रुपये बताया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गई निर्माण सामग्री बरामद कराने एवं दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।