फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का खतरा लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के पल्ला इलाके का है, जहां लिंजीगंज से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए।
अनुराग अवस्थी निवासी नुनहाई प्रतिदिन की तरह लिंजीगंज स्थित अपनी दुकान से काम समाप्त कर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह पल्ला के पास पहुंचे, तभी अचानक हवा में लटका चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में आकर फंस गया। मांझा गर्दन में कसते ही अनुराग अवस्थी दर्द से तड़प उठे और मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनकी मदद की और मांझे को सावधानीपूर्वक हटाया।
घटना में अनुराग अवस्थी की गर्दन पर गंभीर खरोंच और कट के निशान आ गए। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सक के अनुसार समय रहते मदद मिल जाने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध होने के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री और उपयोग हो रहा है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों की जान खतरे में पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझा बेचने और उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
चाइनीज मांझे की चपेट में युवक की गर्दन कटी



