गायों व कुत्तों को पहनायी रेडियम बेल्ट

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में आवारा पशुओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने और रात में उनकी दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से आज एक सराहनीय अभियान चलाया गया। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार व बीजेपी नेता सरदार तोषित प्रीत सिंह द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा गायों और कुत्तों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए। इन रेडियम बेल्ट्स की विशेषता यह है कि रात्रि या कम रोशनी की स्थिति में ये दूर से चमकती हैं, जिससे वाहन चालकों को समय रहते पशुओं की उपस्थिति का आभास हो जाता है। इससे सड़क हादसों की रोकथाम में मदद मिलती है तथा पशुओं की जान की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, विशेष रूप से व्यस्त मार्गों पर जहां दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का जोखिम अधिक रहता है। अभियान को शहर के कई क्षेत्रों में चलाया गया और पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण में सहयोग दें। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और इसे मानवता तथा सुरक्षित यातायात की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया