फर्रुखाबाद: गरीब बालिकाओं के लिये साइकिल की खरीद में इस बार भी मनमानी
का प्लेटफार्म तैयार कर लिया गया है। लाखों रुपये की खरीद के लिये निविदा
दो ऐसे समचार पत्रों में प्रकाशित करायी गयी है जिनका प्रसार जनपद में
काफी सीमित है। विगत में हुई शिकायतों के बावजूद प्रशासन कोई सबक लेने को
राजी नहीं है।
ज्योतिबा फुल्ले गरीब बालिका शिक्षा मदद योजना के अंतर्गत इस वर्ष भी
साइकिलों की खरीद की जानी है। लगभग 2000 बालिकाओं के लिये साइकिलों की
खरीद की जानी है। इसके लिये जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विगत 14 जून
को एक नोटिस जारी किया गया।
इसमें जनपद के प्रचलित समाचार पत्रों को पहले
यह निविदा निशुल्क प्रकाशन के लिये भेजी गयी बाद मे दो अपेक्षाकृत कम
प्रसार के समाचार पत्रों में यह निविदा प्रकाशित करा दी गयी। निविदा
प्रपत्रों की बिक्री 25 जून तक की जानी है। निविदाएं 27 जून दोपहर 12 बजे
तक को डाली जायेगी व उसी दिन सायं 4 बजे निविदाएं खोली जायेंगी। यह सब तब
है जब कि पूर्व में साइकिलों की खरीद में गड़बड़ियों व मनमानियों की
शिकायतें हो चुकी हैं। विगत वर्ष साइकिल वितरण के समय अनेक लड़कियों ने
गुणवत्ता में खराबी की शिकायतें अधिकारियों के सामने भी की थी। बाद में
खरीद के मामले में जांच हुई व उच्चाधिकारियो के दबाव में मामला रफा दफा
कर दिया गया।


