गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से घायल की मौत, मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निकट हुआ था।
जानकारी के अनुसार डबरी निवासी 38 वर्षीय कृष्ण मुरारी पुत्र रसाल सीएचसी से दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायल कृष्ण मुरारी को राजेपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉ. परमीत राजपूत ने उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार सीएचसी पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने मौके से गन्ना लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि युवक की मौत हो चुकी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।