गंगा किनारे पांचाल घाट पर बसने लगा तंबूओं का नगर

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) माघ मास में लगने वाले नगर के ऐतिहासिक मेला श्रीरामनगरिया में कल्पवास के लिए तंबुओं का शहर बसना शुरू हो गया है। मेले के भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है।

शुक्रवार को मेला परिसर में धीरे-धीरे आबाद होने लगा है। तंबू लगने शुरू हो गए हैं। दूर-दराज से कल्पवासी आने लगे हैं। मेले में दरी कालीन, ढोलक, लकड़ी एवं पत्थर के सामान के लिए मशहूर इस मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिवर्ष अपनी दुकानें लगाकर मेले की शोभा बढ़ाते हैं। जैसे-जैसे मेले की तारीख करीब आती जा रही है। मेले की रौनक बढ़ती जा रही है।शुक्रवार को मेले में कल्पवास के लिए साधुओं का पंहुचना शुरू हो गया है| श्रद्धालुओं की भक्ति, आस्था और विश्वास के प्रतीक मेले में दूर दराज शहरों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कल्पवास कर पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगते हैं। लोगों का विश्वास है कि जिसने भी सच्चे मन से मां की आराधना और जो कुछ कामना की है, उसे वह निश्चय ही प्राप्त हुआ है। मेले में पांटून पुल का निर्माण भी लगभग अंतिम चरण में है| समतलीय करण का कार्य भी लगभग पूर्ण हो गया है| 13 जनवरी को जिला प्रशासन ने मेले के श्रीगणेश की तैयारी की है| तब तक पूर्ण रूप से मेला लग जायेगा|