फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के गांव भावपुर खुर्द निवासी किसान हरनाथ सिंह की खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार हरनाथ सिंह गुरुवार सुबह नगला कलार स्थित अपने खेत पर आलू की फसल में पानी लगाने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने उन्हें खेत के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पत्नी ईश्वरवती व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान चिकित्सकों ने हरनाथ सिंह को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी ईश्वरवती बार-बार बेहोश हो रही थीं। मृतक का एक पुत्र अमरनाथ है, जो पिता की असमय मौत से गहरे सदमे में है।
परिजनों ने बताया कि हरनाथ सिंह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर था। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना पर थाना कादरी गेट पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
खेत में संदिग्ध हालत में किसान की मौत, गांव में शोक



